जिस पर किया भरोसा वही निकला दरिंदा: बॉयफ्रेंड ने दोस्तों संग युवती से गैंगरेप…

कोरबा। कोरबा में भरोसे की आड़ में हैवानियत: बर्तन दुकान में हुई दोस्ती प्यार बनी, फिर बॉयफ्रेंड ने दोस्तों संग 18 साल की युवती से गैंगरेप किया।

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 18 साल की एक युवती के साथ उसके बॉयफ्रेंड और उसके चार दोस्तों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने खुद शराब पी रखी थी और उसी नशे में युवती के साथ बारी-बारी से दरिंदगी की।

पीड़िता कोरबा में एक बर्तन दुकान में काम करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान तरुण श्रीवास से हुई। बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे यह पहचान प्रेम संबंध में बदल गई। पीड़िता को इस बात का अंदाजा नहीं था कि जिस पर वह भरोसा कर रही है, वही उसकी जिंदगी तबाह कर देगा।

पीड़िता के मुताबिक 8-9 तारीख की रात आरोपी बॉयफ्रेंड तरुण श्रीवास उसे घूमाने के बहाने अपने साथ ले गया। वहां पहले से मौजूद आरोपी युवक शराब पी रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान तरुण ने युवती के साथ दुष्कर्म किया।

इसके बाद तरुण ने अपने चार दोस्तों को मौके पर बुला लिया। इनमें 112 सेवा का ड्राइवर भुवन साहू, गणपत दास और दो अन्य युवक शामिल थे। सभी आरोपी शराब के नशे में थे और उन्होंने बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकाया कि अगर उसने किसी को भी इस बारे में बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। डर और मानसिक आघात में रहने के बावजूद युवती ने हिम्मत जुटाई और न्याय की गुहार लगाई।

पीड़िता ने सीधे कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिद्धार्थ तिवारी, पुलिस अधीक्षक कोरबा ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए।

इसके बाद मामला बांगो थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया। पुलिस ने बॉयफ्रेंड तरुण श्रीवास समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान के आधार पर दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म और धमकी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *