थाली में दाल के साथ बोनस में मेंढक! डेंटल कॉलेज मेस का स्वाद बना सवाल…

राजनांदगांव। जिले के सुंदरा स्थित छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज की छात्र मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। छात्रों को परोसे गए खाने में मरा हुआ मेंढक निकलने से हड़कंप मच गया। यह घटना 7 जनवरी की रात की बताई जा रही है, जब छात्र मेस में डिनर करने पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि एक छात्र की थाली में परोसी गई मूंग की दाल से मरा हुआ मेंढक निकला। इसके बाद छात्रों ने तत्काल इसका विरोध किया और मामले की शिकायत प्रशासन से की।

शिकायत के बाद फूड एंड सेफ्टी विभाग (FSD) की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि- थाली में परोसे गए चावल में इल्ली (कीड़े) मरे हुए थे, मेस परिसर में साफ-सफाई की भारी कमी थी, अधिकांश अनाज एक्सपायरी डेट का इस्तेमाल किया जा रहा था खराब बेसन से भजिया बनाई जा रही थी।

छात्रों ने जताई गंभीर स्वास्थ्य आशंका:-

छात्रों का कहना है कि दूषित भोजन और उसमें मृत जीव मिलने से फूड पॉयजनिंग और बैक्टीरियल इंफेक्शन जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने मेस संचालन एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी तरुण बिरला ने बताया कि डेंटल कॉलेज की मेस में भोजन में मेंढक मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

शिकायत के बाद जांच टीम मौके पर पहुंची और विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं। कुछ कमियां पाई गई हैं, जिन्हें लेकर नोटिस जारी किया गया है। फिलहाल किसी भी खाद्य सामग्री की जब्ती नहीं की गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह पूरा मामला लालबाग ग्रामीण थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद कॉलेज के डीन एसके नंदा ने जांच के बाद आंतरिक समीक्षा के साथ कार्रवाई की बात कही है।

FSD द्वारा लिए गए सैंपल्स को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर मेस संचालक और संबंधित जिम्मेदारों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *