संगठन की परंपरा, सामाजिक समरसता और आत्मीयता का पर्व है दीपावली मिलन : पुरुषोत्तम देवांगन…

भाजपा भिलाई जिला अध्यक्ष के तत्वावधान में होटल एंपोरियम में भव्य आयोजन, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे की मौजूदगी ने बढ़ाई समारोह की गरिमा

भिलाई। भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के नेतृत्व में होटल एंपोरियम में भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों, वरिष्ठ नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर भाजपा भिलाई जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने दीपावली मिलन समारोह की परंपरा और उसकी सार्थकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से दीपावली मिलन जैसे आयोजनों के माध्यम से समाज के प्रमुखों, वरिष्ठ नागरिकों और पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ खुशियां साझा करती आ रही है। यह आयोजन केवल एक औपचारिक मिलन नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम है।

पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि दीपावली खुशियों और प्रकाश का पर्व है। ऐसे अवसरों पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों और संगठन के साथियों का एक साथ मिलना आपसी संबंधों को नई मजबूती देता है। दीपावली मिलन समारोह के माध्यम से पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और समाज के वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता प्रकट करती है। यही इस आयोजन की वास्तविक सार्थकता है।

समारोह के मुख्य आकर्षण प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार मनाते हैं। इससे घर-परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जुटे जवानों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें अपनत्व का एहसास होता है।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के दौर में भी भाजपा सरकार ने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाकर उनका उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया। नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ में दीपावली का उत्सव एक अलग ही उल्लास लेकर आया है। प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण स्थापित होना सभी के लिए गर्व का विषय है।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने भी अपने उद्बोधन से उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरा। उनके संबोधन ने संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की भूमिका को नई ऊर्जा प्रदान की।

समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे, विधायक रिकेश सेन, विधायक गजेंद्र यादव एवं विधायक ललित चंद्राकर उपस्थित रहे। सभी ने दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आगामी नगर निगम चुनाव में कार्यकर्ताओं और आमजन से बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने तथा पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व सांसद सरोज पांडे एवं विजेंद्र भी मंच पर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा महामंत्री मनीष अग्रवाल, सांवलाराम डहरे, जितेंद्र वर्मा, कामिल रॉबर्ट एंटोनी, रवि, सरस्वती बंजारे, सुषमा जेठानी, भिलाई महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, सरला आचार्य, गीता विश्वकर्मा, स्वाति गुप्ता, सविता नाहर, निर्मल नायडू, अनुपमा शुक्ला, पुष्पलता एवं बसंता कुर्रे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रीति सरू की भी उपस्थिति रही।

दीपावली मिलन समारोह ने पर्व की खुशियों के साथ संगठनात्मक एकजुटता, सामाजिक समरसता और आपसी आत्मीयता का संदेश दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *