फर्जी दस्तावेजों का बड़ा खेल! 70 बांग्लादेशियों के भारतीय पासपोर्ट पर STF का शिकंजा, 31 निरस्त…

ग्वालियर में सामने आया चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा, 66 आरोपी अब भी फरार; बौद्ध मठों और फर्जी पतों के सहारे हासिल किए थे भारतीय पासपोर्ट

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय पासपोर्ट हासिल करने वाले बांग्लादेशी नागरिकों के नेटवर्क पर अब शिकंजा कसता जा रहा है। विशेष कार्यबल (STF) की जांच रिपोर्ट के आधार पर पासपोर्ट विभाग ने ऐसे 70 पासपोर्ट में से 31 को निरस्त कर दिया है। शेष पासपोर्ट निरस्त करने की प्रक्रिया भी जारी है। इस पूरे मामले में 66 आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि इनमें से अधिकांश आरोपी देश छोड़कर विदेश में छिपे हुए हैं।

सिमरिया गांव के पते पर बने 17 पासपोर्ट
जांच में सामने आया है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बनाए गए 70 पासपोर्ट में से 17 पासपोर्ट ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के सिमरिया गांव के पते पर जारी किए गए थे। आरोपियों ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर भारतीय नागरिक होने के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इन्हीं के आधार पर पासपोर्ट हासिल कर लिए।

बौद्ध मठों के पते का किया गया इस्तेमाल

इस पूरे नेटवर्क में बौद्ध मठों के पतों का इस्तेमाल किए जाने का मामला भी सामने आया है। जांच के मुताबिक, बांग्लादेशी नागरिकों को बौद्ध अनुयायी बताकर उनके पासपोर्ट बनवाए गए। इस मामले का कथित मास्टरमाइंड रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद भिक्षु बताया गया है।

एसटीएफ ने रियाल चौधरी और उसके तीन बांग्लादेशी साथियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर मदद करने के आरोप में गुलाबराय गौतम, गयाप्रसाद गौतम और भोपाल पासपोर्ट सेवा केंद्र के एजेंट नसीम अख्तर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

विदेशों में छिपे होने की आशंका

एसटीएफ की पूछताछ में फरार आरोपियों के इंडोनेशिया, मलेशिया, म्यांमार और चीन जैसे देशों में छिपे होने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां उनकी पहचान और ठिकानों का पता लगाने में जुटी हैं। वहीं, निरस्त किए गए पासपोर्ट का इस्तेमाल कर कोई व्यक्ति यात्रा करने की कोशिश करता है तो इमिग्रेशन सिस्टम के माध्यम से उसकी पहचान की जा सकेगी।

नागपुर के गिरोह से भी जुड़ सकती हैं कड़ियां

मध्य प्रदेश के ग्वालियर-डबरा में सामने आए इस फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क की जांच अब महाराष्ट्र के नागपुर में उजागर हुए इसी तरह के मामले से जोड़कर भी की जा रही है। एसटीएफ दोनों मामलों के बीच संभावित संबंधों और आरोपियों के काम करने के तरीके की पड़ताल कर रही है। इसके लिए नागपुर पुलिस से भी जानकारी मांगी गई है।
एसटीएफ के डीआईजी राहुल लोढ़ा के मुताबिक, शेष पासपोर्ट भी निरस्त किए जाएंगे। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और फरार आरोपियों तक पहुंचने में जुटी हैं।

70 पासपोर्ट, 31 निरस्त और 66 आरोपी फरार…

यह मामला केवल फर्जी दस्तावेज तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पासपोर्ट जारी करने की सत्यापन प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अब जांच का दायरा इस बात तक पहुंच गया है कि इस नेटवर्क को स्थानीय स्तर पर किन लोगों का सहयोग मिला और फर्जी पहचान के आधार पर पासपोर्ट जारी होने में कहां-कहां चूक हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *