रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। किसानों को यूरिया खाद की किल्लत से जूझता देख सिंहदेव ने कहा कि सरकार की नाकामी का सीधा खामियाजा अन्नदाता भुगत रहा है, जबकि जिम्मेदार आंख मूंदे बैठे हैं।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि खेती के अहम समय में सहकारी समितियों और बिक्री केंद्रों से यूरिया गायब है। किसान घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं, कई जगहों पर कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को राहत देने के बजाय उनकी परेशानियों को और बढ़ा रही है।
दौरे के दौरान सिंहदेव ने सनवाल, डिंडो, रामचंद्र पुर सहित अन्य गांवों में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। किसानों ने बताया कि न तो समय पर खाद मिल रही है और न ही बीमार होने पर इलाज। सिंहदेव ने कहा कि यह हालात सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करते हैं।
सिंहदेव ने ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर नहीं, दवाइयां नहीं, सुविधाएं नहीं, ऐसे में गरीब और किसान कहां जाएं? मजबूरन निजी अस्पतालों में लूट का शिकार होना पड़ रहा है।
रामानुजगंज पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंहदेव का आतिशबाजी और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। लंबे समय बाद किसी बड़े कांग्रेस नेता के आगमन से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा।
सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं से दो टूक कहा कि आपसी मतभेद छोड़कर एकजुट हों। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के निर्देश पर संगठन सृजन अभियान के तहत नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, जिससे कांग्रेस को नई धार मिलेगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरिहर यादव, अंबिकापुर के पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, अजय गुप्ता, अजय सोनी, प्रतीक सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
टीएस सिंहदेव ने स्पष्ट कहा कि यदि किसानों को समय पर यूरिया खाद नहीं मिली, कालाबाजारी पर लगाम नहीं लगी, और स्वास्थ्य सेवाएं नहीं सुधरीं, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी और किसानों गरीबों की आवाज और बुलंद करेगी।