भिलाई के सेवा मॉडल में नया अध्याय: ₹1 में डायलिसिस और सोनोग्राफी सेवा शुरू
भिलाई। जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात दी है। अब जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में मात्र ₹1 में डायलिसिस और ₹1 में सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध होगी।
रविवार को विधायक ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इस सेवा का शुभारंभ किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों को महंगे इलाज के बोझ से राहत देना है। विधायक कार्यालय अब जनसुविधा केंद्र के साथ-साथ एक ‘हेल्थ हब’ के रूप में विकसित हो रहा है।
₹1 में डायलिसिस सेवा
₹1 में सोनोग्राफी (विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए लाभकारी)
समय: प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक
अवकाश: शासकीय अवकाश को छोड़कर सेवाएं नियमित।
विधायक कार्यालय में पहले से संचालित सेवाओं के साथ अब स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। यहाँ उपलब्ध प्रमुख सुविधाएं-
31 प्रकार की जांच सहित निःशुल्क ब्लड टेस्ट
₹1 में एक्स-रे सुविधा
₹1 किराये पर हेल्मेट (सड़क सुरक्षा को बढ़ावा)
राम रसोई के माध्यम से जरूरतमंदों के लिए भोजन
कंबल बैंक – गरीब और असहाय लोगों के लिए
अब ₹1 में डायलिसिस और सोनोग्राफी सेवा भी शामिल
।
इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन ने कहा,
हमारा उद्देश्य राजनीति के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। महाशिवरात्रि के शुभ दिन से शुरू की गई ₹1 वाली डायलिसिस और सोनोग्राफी सेवा उन मरीजों के लिए वरदान साबित होगी, जो आर्थिक तंगी के कारण उपचार नहीं करा पाते थे।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे भिलाई के सेवा मॉडल में एक नया अध्याय बताया।