पर्शियन गल्फ में US का ‘फ्लाइंग टैंकर’ इमरजेंसी में; KC-135 ने भेजा संकट सिग्नल…

हवा में 7700 कोड भेजने के बाद रडार से गायब, वजह अब तक साफ नहीं

अंतरराष्ट्रीय। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी वायुसेना का एक Boeing KC-135 Stratotanker अचानक इमरजेंसी में आ गया। यह घटना पर्शियन गल्फ क्षेत्र में सामने आई, जहां विमान ने उड़ान के दौरान ‘7700’ डिस्टेस सिग्नल भेजा-जो कि किसी गंभीर आपात स्थिति का संकेत होता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान UAE के अल धफरा एयर बेस से उड़ा था और ईरान के पास पर्शियन गल्फ के ऊपर उड़ान भर रहा था। इसी दौरान अचानक इसका संपर्क फ्लाइट ट्रैकिंग सिस्टम से टूट गया और यह रडार से गायब हो गया।

बताया जा रहा है कि इमरजेंसी सिग्नल भेजने से पहले विमान कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाता रहा और फिर नीचे उतरने की कोशिश करता दिखा। हालांकि, इसके बाद इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।

अब तक अमेरिकी अधिकारियों की ओर से यह साफ नहीं किया गया है कि विमान सुरक्षित लैंड हुआ या किसी हादसे का शिकार हो गया। साथ ही, किसी हमले या दुश्मन कार्रवाई की भी पुष्टि नहीं हुई है।

KC-135 को “फ्लाइंग गैस स्टेशन” भी कहा जाता है, क्योंकि यह हवा में लड़ाकू विमानों को ईंधन भरने का काम करता है। ऐसे विमान युद्ध के दौरान बेहद अहम भूमिका निभाते हैं, खासकर तब जब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हों।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में पर्शियन गल्फ और होर्मुज़ जलडमरूमध्य में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इस तरह की घटना ने क्षेत्र में चिंता और बढ़ा दी है।

फिलहाल इस पूरे मामले पर दुनिया भर की नजर बनी हुई है और सभी को आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *