108 सीटें जीतने के बावजूद जरूरी आंकड़े से पीछे रही TVK, राज्यपाल बोले- पर्याप्त समर्थन के बिना सरकार गठन संभव नहीं
चेन्नई। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के बाद सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन बहुमत के आंकड़े से पीछे रहने के कारण सरकार गठन पर संशय बना हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK को 108 सीटें मिली हैं, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन राज्यपाल ने पर्याप्त समर्थन पत्र नहीं होने पर संतोष जाहिर नहीं किया।
राज्यपाल ने कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत किसी भी दल को बहुमत साबित करना होगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि केवल सबसे बड़ी पार्टी होने के आधार पर सरकार गठन का निमंत्रण नहीं दिया जा सकता।
इधर कांग्रेस और कुछ अन्य दलों ने विजय के समर्थन में बयान दिए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार बनाने का फैसला फ्लोर टेस्ट से होना चाहिए, न कि केवल राज्यपाल के आकलन से। वहीं अभिनेता और नेता कमल हासन ने भी विजय को सरकार बनाने का मौका देने की वकालत की है।
तमिलनाडु में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनने के बाद अब सभी की नजरें छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों पर टिकी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले कुछ दिन राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं।