नहावन कार्यक्रम से लौटते वक्त मौत का कहर: दामाद की मौके पर मौत; सास-साली गंभीर…

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। दुगली थाना क्षेत्र में हुई इस भीषण दुर्घटना में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सास और नाबालिग साली गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा 20 दिसंबर की सुबह हुआ।

जानकारी के अनुसार, मृतक भूतेश्वर साहू (30) निवासी दुर्ग के टेमरी अपने ससुराल पक्ष के साथ नगरी क्षेत्र में आयोजित एक नहावन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम से लौटते वक्त वह बाइक पर अपनी सास और साली को बैठाकर अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान दुगली थाना क्षेत्र में सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर उछलकर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

हादसे में बाइक चला रहे भूतेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी सास गीता बाई साहू (45) और 16 वर्षीय साली कुमारी सीमा साहू, दोनों चंदनबिरही गांव की निवासी, गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायलों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही दुगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं ससुराल पक्ष और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *