वाराणसी। वाराणसी के मान मंदिर घाट पर क्रूज से गंगा नदी में गिरने वाले 27 वर्षीय युवा नेता हर्षवर्धन ठाकुर की डूबने से मौत हो गई। वे ग्रेटर नोएडा से दोस्तों के साथ काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए वाराणसी आए थे।जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे हर्षवर्धन दोस्तों संग घाट पर घूम रहे थे। इसी दौरान क्रूज पर वीडियो और सेल्फी बनाते समय उनका पैर फिसल गया और वे गंगा के तेज बहाव में बह गए। बताया जा रहा है कि उनके दोनों हाथों में मोबाइल था, जिससे वे खुद को संभाल नहीं सके।हर्षवर्धन भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ के प्रदेश मंत्री थे और बीजेपी से जुड़े हुए थे। घटना के बाद दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण तत्काल बचाव संभव नहीं हो सका।सूचना मिलने पर दशाश्वमेध थाना पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे उनका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।यह हादसा मंगला आरती से ठीक पहले हुआ, जिसके बाद घाटों पर सुरक्षा और सतर्कता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।