संबलपुरी में साउंड बढ़ाने को लेकर दो युवकों में हुआ झगड़ा; चाकू के हमले में आकाश सूर्यवंशी की मौत, आरोपी अमन सूर्यवंशी गिरफ्तार
बिलासपुर। गणेश उत्सव के दौरान गणेश पंडाल में DJ की आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में सोमवार शाम साउंड सिस्टम की आवाज बढ़ाने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हुआ। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और इसी दौरान एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान आकाश सूर्यवंशी (22), पिता अंशु सूर्यवंशी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में अमन सूर्यवंशी (23), पिता प्रहलाद सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है।
राशन दुकान के सामने लगा था गणेश पंडाल
जानकारी के अनुसार ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश उत्सव के लिए पंडाल लगाया गया है। सोमवार शाम यहां गणेश प्रतिमा के पास DJ और साउंड सिस्टम बज रहा था। इसी दौरान आकाश और अमन के बीच DJ की आवाज को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच बहस हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान अमन ने आकाश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को अस्पताल ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद पंडाल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घायल आकाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की और आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया।
वारदात के बाद पंडाल के आसपास ही घूमता रहा आरोपी
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना के बाद आरोपी मौके से बहुत दूर नहीं गया और पंडाल के आसपास ही घूमता रहा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
विवाद की असली वजह और घटनाक्रम की जांच जारी
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह DJ और साउंड की आवाज को लेकर सामने आई है। हालांकि झगड़ा किस बात से शुरू हुआ और हमले की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइन CSP परमेश्वर तिलकवार के अनुसार मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।