पत्नी को परिचित युवक के साथ देखकर भड़का पति, विवाद के बाद महिला की मौत; झाड़ियों में मिला शव…

गौरेला के अंजनी गांव में 9 सितंबर की रात हुई वारदात, पुलिस ने सुमित कुमार यादव को किया गिरफ्तार; कोर्ट ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

बिलासपुर/गौरेला। गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम अंजनी में झाड़ियों के बीच मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या उसके पति ने ही की थी। आरोपी पति ने पत्नी को उसके परिचित युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। इसके बाद विवाद हुआ और महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

झाड़ियों में मिला था महिला का शव

पुलिस के अनुसार ग्राम अंजनी में जेपी एग्रोटेक के मजदूरों ने झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा देखा था। इसकी सूचना गौरेला पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी, पति सुमित कुमार यादव, निवासी रूपौली, थाना रूपौली, जिला पूर्णिया, बिहार के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई।

रात करीब 2 बजे पत्नी को ढूंढने निकला था पति

पुलिस की विवेचना में सामने आया कि घटना 9 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे की है। आरोपी सुमित कुमार यादव उम्र 32 वर्ष, निवासी रूपौली यादव टोला, जिला पूर्णिया, बिहार और वर्तमान में अंजनी में रह रहा था। रात में जब उसे पत्नी कमरे में नहीं मिली तो वह उसे तलाशने बाहर निकला।

इसी दौरान उसने अपनी पत्नी को उसके परिचित जितेंद्र मंडल के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। पुलिस के मुताबिक सुमित ने गुस्से में जितेंद्र को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया, लेकिन वह मौके से भाग निकला। इसके बाद सुमित और उसकी पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया और दोनों के बीच झूमाझटकी हुई।

विवाद के बाद हुई महिला की मौत

पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान सुमित ने पत्नी पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला का शव झाड़ियों में छोड़ दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को ऐसे तथ्य और साक्ष्य मिले, जिनसे आरोपी पति की घटना में संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को बचाने और जांच को भटकाने के लिए शुरुआत में गलत जानकारी देने की कोशिश भी की थी।

साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में सुमित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। गौरेला थाने में अपराध क्रमांक 395/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *