रायगढ़ में चक्रधर समारोह देखने निकले 16 वर्षीय धनुर्जय की हत्या, जंगल में मिला शव…

पुराने बस डिपो की झाड़ियों में मिला नाबालिग का शव; पिता शिवलाल चौहान ने दोस्तों पर जताया हत्या का शक, पुलिस ने 2-3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नाबालिग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो के पास झाड़ियों में एक 16 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संजय मैदान क्षेत्र निवासी धनुर्जय चौहान (16) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक धनुर्जय सोमवार रात चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो के पास रहने वाले लोगों ने झाड़ियों के बीच एक युवक का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतक की पहचान धनुर्जय के रूप में हुई।

रात करीब 9 बजे घर से निकला था धनुर्जय

मृतक के पिता शिवलाल चौहान के मुताबिक धनुर्जय सोमवार रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब 10 बजे तक उसके मोबाइल पर कॉल जाती रही, लेकिन इसके बाद करीब 11 बजे मोबाइल बंद बताया गया। परिवार को लगा कि वह समारोह से लौट रहा होगा, लेकिन सुबह तक घर नहीं पहुंचा।

सुबह परिवार को धनुर्जय के साथ हुई घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

पुलिस के मुताबिक धनुर्जय के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि उसके सिर पर पत्थर या किसी भारी वस्तु से वार किया गया। शव झाड़ियों के बीच मिला था। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि धनुर्जय आखिरी बार किन लोगों के साथ था और रात में वह पुराने बस डिपो तक कैसे पहुंचा।

पिता ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

धनुर्जय के पिता शिवलाल चौहान ने उसके दोस्तों पर हत्या का शक जताया है। उन्होंने बताया कि परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा था। बेटा कार शोरूम में काम करता था, जबकि बेटियों की पढ़ाई के लिए परिवार किराए के मकान में रहता है।

परिवार के आरोप और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले में 2 से 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धनुर्जय आखिरी बार किन लोगों के साथ था और उसकी हत्या के पीछे क्या वजह रही।

पुलिस खंगाल रही घटनास्थल और आसपास के सुराग

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस धनुर्जय के मोबाइल फोन की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी भी खंगाल रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि धनुर्जय चक्रधर समारोह से पुराने बस डिपो तक कैसे पहुंचा, उसके साथ कौन लोग थे और उसकी हत्या की वजह क्या थी। पुलिस पूछताछ के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *