बिलासपुर के जूनीलाइन इलाके की घटना, सदर बाजार स्थित राकेश ज्वेलर्स में ड्यूटी के दौरान राजेंद्र रजक पर हमला; अस्पताल में चल रहा इलाज, आरोपी पुलिस की हिरासत में
बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शिकायत को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर हमले में बदल गया। जूनीलाइन इलाके में रहने वाले एक युवक से जुड़ी शिकायत से नाराज आरोपी ने सदर बाजार के करोना चौक स्थित राकेश ज्वेलर्स में पहुंचकर वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड पर हमला कर दिया। घटना में गार्ड राजेंद्र रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।
जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र रजक जूनीलाइन निवासी आदित्य रजक के पिता हैं और राकेश ज्वेलर्स में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते हैं। मोहल्ले में रहने वाले सत्येंद्र यादव को लेकर आदित्य ने शिकायत की थी। इसी बात को लेकर सत्येंद्र नाराज था और वह आदित्य से रंजिश रखने लगा था।
पहले घर के पास पहुंचा, नहीं मिले तो दुकान में घुसा
बताया गया कि घटना वाली रात सत्येंद्र पहले आदित्य और उसके पिता राजेंद्र के घर के आसपास पहुंचा, लेकिन दोनों वहां नहीं मिले। इसके बाद वह सदर बाजार स्थित ज्वेलर्स दुकान पहुंच गया। आरोपी दुकान के अंदर गया और ड्यूटी पर मौजूद राजेंद्र पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। राजेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलने के बाद आदित्य भी दुकान पहुंचा। इस दौरान आरोपी ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन दुकान में मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे पकड़ लिया।
गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती
घायल राजेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सत्येंद्र यादव को हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अब घटना के पूरे घटनाक्रम, शिकायत के पीछे के विवाद और हमले के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में भी इस मामले को लेकर चर्चा है।