भीषण गर्मी में जागरूकता की पहल: शारदा पारा की बस्तियों में स्वास्थ्य शिक्षा अभियान
लू से बचाव के उपाय बताए, ओआरएस और सतर्कता पर दिया जोर; नगर निगम की टीम ने किया जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजितभिलाई नगर। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर निगम भिलाई के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जोन-3, मदर टेरेसा नगर (वार्ड क्रमांक 35) अंतर्गत शारदा पारा स्थित कुष्ठ बस्ती एवं भैरव बस्ती में स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस्ती वासियों को लू के लक्षणों-अत्यधिक प्यास लगना, सिरदर्द, चक्कर आना और कमजोरी-के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि समय पर सावधानी बरतकर लू के खतरे से बचा जा सकता है।
टीम ने नागरिकों को सलाह दी कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। इसके अलावा ओआरएस घोल, नींबू पानी, छाछ जैसे घरेलू पेय पदार्थों के सेवन के महत्व को भी समझाया गया।जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पाम्पलेट्स का वितरण किया गया, जिनमें ‘क्या करें और क्या न करें’ की जानकारी सरल और चित्रात्मक रूप में दी गई थी। बस्तियों के निवासियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने का संकल्प लिया।नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि भीषण गर्मी के इस मौसम में समाज के अंतिम व्यक्ति तक बचाव की जानकारी पहुंचे, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।