कमांडर-डिप्टी कमांडर रैंक के कैडर शामिल, 36 हथियार, 1007 जिंदा कारतूस और 800 ग्राम सोना बरामद
तेलंगाना/बस्तर। नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) के शीर्ष कमांडर सोडी केशालू समेत कुल 42 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वालों में कमांडर, डिप्टी कमांडर और एरिया कमेटी स्तर के कई बड़े कैडर शामिल हैं, जिससे संगठन को बड़ा झटका माना जा रहा है।
आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने 36 हथियार, 1007 जिंदा कारतूस और करीब 800 ग्राम सोना भी सुरक्षा बलों को सौंपा। बताया जा रहा है कि यह सोना नक्सली गतिविधियों के फंड के रूप में इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर के बस्तर इलाके में सक्रिय था और लंबे समय से सुरक्षा बलों के निशाने पर था। लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन और सरकार की पुनर्वास नीति के चलते इन नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस ने दावा किया है कि तेलंगाना में नक्सल गतिविधियां अब लगभग समाप्त हो चुकी हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में भी इसका असर देखने को मिल सकता है, जहां नक्सल संगठन लगातार कमजोर पड़ रहा है।