दुर्ग। दुर्ग जिले में तेज रफ्तार हाईवा ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा 10 जनवरी की शाम करीब 5.30 बजे नागपुरा चौक के पास हुआ। मृतक की पहचान उत्तम धीमर (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, उत्तम धीमर अपने दोस्तों के साथ जसगीत झांकी देखने नागपुरा आया था। झांकी देखने के बाद वह अपने घर लौटने के लिए बाइक मोड़ रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में उत्तम को सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद मौजूद लोगों और दोस्तों ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना पुलगांव चौकी क्षेत्र की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि हादसा हाईवा चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ।
दो दिन बाद आरोपी चालक पर केस दर्ज:-
जांच पूरी होने के बाद, घटना के दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
युवक की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।