मैसूर। कर्नाटक के मैसूर शहर में सार्वजनिक जगहों पर पेशाब करने की समस्या रोकने के लिए प्रशासन ने अनोखी पहल शुरू की है। मैसूर सिटी कॉर्पोरेशन ने KSRTC बस स्टैंड के पास दीवारों पर मिरर जैसे स्टील शीट और शीशे लगवाए हैं, ताकि लोग खुद को देखकर शर्म महसूस करें और खुले में पेशाब करने से बचें।
बताया गया कि यह इलाका पिछले करीब 30 साल से सार्वजनिक पेशाब की समस्या से परेशान था। कई बार चेतावनी बोर्ड और जुर्माने की व्यवस्था भी की गई, लेकिन लोगों की आदत नहीं बदली। इसके बाद निगम ने यह नया प्रयोग किया।
निगम अधिकारियों के मुताबिक, शीशे लगाए जाने के सिर्फ 24 घंटे के भीतर इस जगह पर खुले में पेशाब की घटनाओं में करीब 90 प्रतिशत कमी दर्ज की गई है। रात में भी लोग ऐसा न करें, इसके लिए वहां LED लाइट्स भी लगाई गई हैं।
इस अनोखी पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने इसे शानदार आइडिया बताया, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि ऐसे स्थानों पर ज्यादा सार्वजनिक शौचालय बनवाने की जरूरत है।