तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए जूझ रहे विजय: दूसरी बार राज्यपाल से मिले, फ़िर भी नहीं मिला बहुमत साबित करने का मौक़ा…

चेन्नई। तमिल अभिनेता और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख थलापति विजय ने गुरुवार को दूसरी बार तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की। विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी TVK अभी भी सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत जुटाने में संघर्ष कर रही है।

जानकारी के मुताबिक 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है, जबकि विजय की पार्टी को 108 सीटें मिली हैं। कांग्रेस के समर्थन के बावजूद TVK बहुमत के आंकड़े से पीछे है।

राज्यपाल से करीब 45 मिनट चली मुलाकात में विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन राजभवन की ओर से साफ कहा गया कि पहले आवश्यक बहुमत का समर्थन साबित करना होगा, उसके बाद ही शपथ ग्रहण पर फैसला लिया जाएगा।

इस बीच TVK ने वामदलों, VCK और अन्य दलों से समर्थन जुटाने की कोशिश तेज कर दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक परंपरा के अनुसार सबसे बड़ी पार्टी को पहले सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए और बहुमत परीक्षण विधानसभा में होना चाहिए।

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि तमिलनाडु की राजनीति में नए गठबंधन बन सकते हैं। वहीं DMK, कांग्रेस और कई विपक्षी नेताओं ने राज्यपाल के रवैये पर सवाल उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *