बांग्लादेश में अनोखे रूप-रंग वाले भैंसों को वैश्विक नेताओं से जोड़ा गया, सेल्फी लेने उमड़ी लोगों की भीड़
ढाका। बांग्लादेश में ईद-उल-अजहा से पहले दो भैंसे सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा का विषय बन गए हैं। इन भैंसों का रूप-रंग इतना अलग है कि लोगों ने उन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu के नाम से पुकारना शुरू कर दिया। इनकी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ढाका के पास नरायण गंज इलाके में मौजूद एक फार्म का लगभग 700 किलोग्राम वजनी सफेद भैंसा अपने हल्के सुनहरे बालों और अनोखे चेहरे की वजह से “ट्रंप” नाम से मशहूर हो गया। लोग उसके हेयर स्टाइल की तुलना डोनाल्ड ट्रंप से कर रहे हैं। वहीं दूसरा भैंसा अपने आक्रामक स्वभाव के कारण “नेतन्याहू” के नाम से चर्चा में है।
इन भैंसों को देखने के लिए फार्म पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में लोग इनके साथ तस्वीरें और सेल्फी ले रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी मीम्स और मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है।
फार्म मालिक ने बताया कि “ट्रंप” नाम उसके भाई ने मजाक में रखा था, क्योंकि भैंसे के बालों का स्टाइल काफी अलग दिखता था। हालांकि उसने कहा कि यह भैंसा स्वभाव से बेहद शांत है और लोगों के बीच आसानी से घुल-मिल जाता है।