भिलाई/दुर्ग। प्रदेश में ज़मीनों के नए गाइडलाइन दरों में हुई भारी बढ़ोतरी और उसके विरोध में उतरे व्यापारियों पर पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए लाठीचार्ज ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। मामले को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, शहर में बड़ी संख्या में व्यापारी सरकार के नए ज़मीन गाइडलाइन दरों का विरोध कर रहे थे। उनका कहना है कि नई दरें आम जनता और व्यापारिक समुदाय पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल देंगी।
इन मांगों को लेकर व्यापारी शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान पुलिस प्रशासन ने भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया और उन पर लाठीचार्ज कर दिया।घटना के बाद कई व्यापारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी उकसावे के पीटा गया और प्रशासन ने उनकी बात सुने बिना कार्रवाई की।
विधायक देवेंद्र यादव ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा, व्यापारी अपनी समस्याएं रख रहे थे, लेकिन सरकार ने संवाद की जगह लाठी का सहारा लिया। यह लोकतंत्र नहीं तानाशाही है, जनता की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता।
देवेंद्र ने यह भी कहा कि ज़मीन गाइडलाइन दर बढ़ाने से लोगों को संपत्ति खरीदने-बेचने में बड़ा आर्थिक नुक़सान होगा, जबकि बाज़ार पहले ही मंदी से जूझ रहा है।
“विधायक यादव ने घोषणा की है कि सरकार के इस अलोकतांत्रिक व्यवहार और ज़मीन गाइडलाइन बढ़ोतरी के विरोध में वे एकदिवसीय भूख हड़ताल करेंगे।“
विधायक ने जनता, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक तरीक़े से अपनी आवाज़ उठाने के लिए इस आंदोलन में उनका समर्थन करें।
वहीं दूसरी ओर, बढ़ी हुई गाइडलाइन दरों को लेकर प्रदेशभर में नाराज़गी देखी जा रही है। कई व्यापारी संगठनों ने भी सरकार को चेतावनी दी है कि यदि दरों में संशोधन नहीं किया गया तो आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है।बरहाल देवेंद्र यादव इस मामले में खुलकर सामने आ गए हैं, आगे क्या कुछ होगा हम आपको बताते रहेंगे।