बस्तर। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड के ग्राम चिहरो निवासी राकेश कुमार चुरेंद्र ने वेटलिफ्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बस्तर ओलंपिक की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। ग्रामीण परिवेश से आने वाले 22 वर्षीय राकेश की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। उन्होंने बताया कि वेटलिफ्टिंग की प्रेरणा उन्हें कांकेर जिला प्रशासन की पहल ‘पूना परियान नई उड़ान’ से मिली, जहां कोच रिखी राम साहू से उन्हें प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।
राकेश प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक नियमित अभ्यास करते हैं। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने मजबूत इच्छाशक्ति दिखाते हुए सीमेंट से भरे वजन और लकड़ी के बार का उपयोग कर अभ्यास जारी रखा। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में 65 किलो वजन उठाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अपनी यात्रा को याद करते हुए राकेश बताते हैं कि आर्थिक स्थितियों और उपकरणों की कमी ने कई बार चुनौतियाँ खड़ी कीं, पर उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
अब राकेश बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे हैं। उनका लक्ष्य इस प्रतियोगिता में जीत दर्ज करना और आगे चलकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपने गांव चिहरो और कांकेर जिले का नाम रोशन करना है।
बस्तर के युवाओं को प्रेरित करते हुए राकेश कहते हैं कि- “अगर लक्ष्य मजबूत हो और मेहनत सच्ची, तो साधनों की कमी कभी बाधा नहीं बनती।”
राकेश की प्रेरणादायक कहानी पूरे बस्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छा शक्ति और निरंतर परिश्रम से बड़े सपने साकार किए जा सकते हैं।