हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत निगम अधिकारी-कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने लिया हिस्सा, नागरिकों को दिया राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश
भिलाई नगर। स्वतंत्रता दिवस के पहले भिलाई में मंगलवार को देशभक्ति का रंग देखने को मिला। शासन के निर्देशानुसार ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के प्रचार-प्रसार और नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई।
रैली की शुरुआत पावर हाउस चौक से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता दीदियां रैली में शामिल हुए। रैली नंदिनी रोड होते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरी और वापस पावर हाउस चौक पहुंचकर इसका समापन हुआ।
रैली के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ ‘भारत माता की जय’ के जयघोष लगाए। तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रैली ने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
नागरिकों से की तिरंगा फहराने की अपील
रैली में नगर निगम के मुख्य कार्यालय और विभिन्न जोन कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और तिरंगे की गरिमा एवं सम्मान को सदैव बनाए रखें।