ड्यूटी छोड़कर दलाली में जुटा CAF जवान, प्रोफेसर को अगवा कर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, 25 लाख की फिरौती मांगते रंगे हाथ पकड़े गए…

जांजगीर-चांपा। CAF के एक जवान और उसके चार साथियों द्वारा प्रोफेसर को ब्लैकमेल करने का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी जवान दो साल से ड्यूटी से गायब था और इसी बीच उसने अपने गिरोह के साथ मिलकर प्रोफेसर को अगवा किया, फिर मजबूर करके आपत्तिजनक वीडियो तैयार कराया और 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने लगा।

पुलिस के मुताबिक CAF का जवान लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं लौट रहा था। इस दौरान उस पर उधारी भी बढ़ गई थी। पैसों की कमी पूरी करने के लिए उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर को जाल में फंसाया। गिरोह ने प्रोफेसर को अपने कब्जे में लेकर धमकाया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर 25 लाख रुपए देने का दबाव बनाया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गैंग में एक स्थानीय टीचर भी शामिल था, जो पूरी वारदात में साथी की तरह काम कर रहा था।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और तकनीकी निगरानी के जरिये सभी आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से मोबाइल, कैश व अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
जांच अधिकारियों ने कहा है कि मामला गंभीर है और गिरोह कई लोगों को इसी तरह ब्लैकमेल करने की तैयारी में था। सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *