गेमिंग कंपनी गेम्जक्राफ्ट पर ED का बड़ा शिकंजा; तीन संस्थापक गिरफ़्तार…

मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी मामले में बेंगलुरु-एनसीआर के 17 ठिकानों पर छापेमारी, कई दस्तावेज जब्त

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन गेमिंग कंपनी गेम्जक्राफ्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके तीन संस्थापकों को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग और कथित धोखाधड़ी से जुड़े मामले में बेंगलुरु और दिल्ली-एनसीआर समेत 17 ठिकानों पर छापेमारी की।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक सिंह, पृथ्वी राज सिंह और विकास तनेजा शामिल हैं। ईडी के मुताबिक कंपनी पर ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध गतिविधियां चलाने और लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। एजेंसी ने इन तीनों को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसी के अनुसार गेम्जक्राफ्ट समूह ‘RummyCulture’ और अन्य गेमिंग ऐप संचालित करता था। कंपनी और उसके प्रमोटरों के खिलाफ कई एफआईआर पहले से दर्ज हैं। ईडी का दावा है कि कुछ मामलों में कथित तौर पर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा, जिसके बाद शिकायतें दर्ज हुई थीं।

छापेमारी के दौरान एजेंसी ने कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *