कांकेर में देशभक्ति का सैलाब, 92 फीट तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा; डिप्टी सीएम ने थामी कमान…

ढाई किमी पैदल रैली में गूंजे देशभक्ति के नारे, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया नेतृत्व; पूर्व सैनिकों से लेकर विद्यार्थियों और शहरवासियों ने बढ़ाया उत्साहकांकेर। देशभक्ति के जज्बे और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से सराबोर कांकेर शहर में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।करीब ढाई किलोमीटर लंबी पैदल तिरंगा यात्रा शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान से शुरू हुई। यात्रा नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक और गांधी चौक होते हुए नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।यात्रा में विधायक आशाराम नेताम और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई यात्रा

तिरंगा यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। जगह-जगह देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। नगरवासियों ने विद्यार्थियों को चॉकलेट और टॉफियां बांटकर उनका उत्साह बढ़ाया।यह जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय एवं छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देश पर आयोजित की गई।

92 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा लोगों का ध्यान

तिरंगा यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित किया गया 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा तिरंगा रहा। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए विशाल तिरंगा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।वहीं, सेंट माइकल इंग्लिश स्कूल की बैंड टोली में शामिल छात्राओं ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए मार्चपास्ट किया। इससे पूरे माहौल में देशभक्ति का रंग और गहरा गया।

‘हर घर तिरंगा’ के लिए किया जागरूक

केंद्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।इस अवसर पर कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, एसपी निखिल राखेचा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी रमेश निषाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *