युवती से गैंगरेप: दो युवकों ने किया दुष्कर्म, दो महिलाओं ने निभाई साजिश में भूमिका; माता-पिता मजदूरी पर बाहर…

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां नौकरी दिलाने, अच्छे कपड़े और टॉप्स दिलवाने का लालच देकर एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि दो युवकों ने युवती से दुष्कर्म किया, जबकि दो महिलाओं ने पूरी वारदात में उनका साथ दिया और पीड़िता को फंसाने में अहम भूमिका निभाई।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के माता-पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। इसी मजबूरी और अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपियों ने पहले युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और बेहतर नौकरी व सुविधाएं दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसे तय जगह पर बुलाया गया, जहां दो युवकों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

पीड़िता का आरोप है कि वारदात के दौरान मौजूद दो महिलाओं ने उसे बहलाया-फुसलाया और विरोध करने पर डराया-धमकाया। घटना के बाद उसे चुप रहने के लिए दबाव बनाया गया। किसी तरह हिम्मत जुटाकर युवती ने परिजनों को पूरी आपबीती बताई और फिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

सक्ती जिले के संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

साजिश में शामिल दो महिलाओं की भूमिका की भी गहन जांच जारी है।

पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और न्यायिक बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की पहचान कानून के अनुसार गोपनीय रखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *