झारखंड के विधायक अरूप चटर्जी को गैंगस्टर प्रिंस खान की धमकी; रंगदारी नहीं देने पर 24 घंटे में हत्या की चेतावनी…

विदेश से वीडियो, ऑडियो और व्हाट्सऐप संदेश भेजकर मांगी रंगदारी; विधायक ने मुख्यमंत्री, डीजीपी और धनबाद एसएसपी से सुरक्षा व कार्रवाई की मांग की।

झारखंड के धनबाद जिले की निरसा विधानसभा सीट से विधायक अरूप चटर्जी को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक का आरोप है कि विदेश में बैठकर गैंग चला रहा प्रिंस खान वीडियो, ऑडियो और व्हाट्सऐप संदेशों के जरिए उनसे रंगदारी की मांग कर रहा है। रंगदारी नहीं देने पर 24 घंटे के भीतर हत्या करने की धमकी भी दी गई है।

अरूप चटर्जी ने बताया कि धमकी भरे संदेश मिलने के बाद उनके पास फोन कॉल भी आया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी झारखंड के मुख्यमंत्री, राज्य के डीजीपी और धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दे दी है तथा सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि प्रिंस खान लंबे समय से विदेश से अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा है और पहले भी रंगदारी व धमकी के कई मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और धमकी देने वाले संदेशों की तकनीकी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *