भेंट-मुलाकात में फूटा लोगों का गुस्सा, मूलभूत समस्याओं के जल्द समाधान का मिला भरोसा
भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर-5 स्थित कार्यालय में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याओं को लेकर खुलकर आवाज उठाई। खुर्सीपार, छावनी, नंदिनी रोड, हुडको और सेक्टर-7 व 8 के लोगों ने पानी, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियां सामने रखीं।
आत्मानंद स्कूल में सीटों की कमी को लेकर सेक्शन बढ़ाने की मांग की गई। वहीं, निजी स्कूलों में टाउनशिप के स्टाफ क्वार्टर में रहने वाले बच्चों को RTE के तहत प्रवेश नहीं दिए जाने का मुद्दा भी गरमाया रहा। इसके अलावा पेयजल संकट ने लोगों की नाराजगी को और बढ़ा दिया।
विधायक देवेंद्र यादव ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश देने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है और इस पर तेजी से काम किया जाएगा।
वाटर एटीएम के मुद्दे पर भी उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जल्द प्रभावी कार्रवाई होगी।
इस दौरान हुडको ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष दानेश्वरी साहू और उनकी टीम ने भी मुलाकात कर संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।