बुलेट से पहुंचा था पेट्रोल लेने:आगे जाकर खुद पर डाला पेट्रोल और लगा ली आग…

20 मीटर तक भागता रहा, जमीन पर लोटा; 80% तक झुलसा, बोला हादसा था

बिल्हा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम पोशरी की है। यहां रहने वाले मनजीत जायसवाल (28) ने शुक्रवार (18 अप्रैल) दोपहर अपने ही गांव के पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल खरीदा। इसके बाद वह अपनी बुलेट बाइक से कुछ दूरी तक गया और सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर ली।

बताया जा रहा है कि युवक ने अचानक खुद पर पेट्रोल डाला और माचिस जलाकर आग लगा ली। आग लगते ही वह लपटों में घिर गया और चीखते-चिल्लाते हुए करीब 20 मीटर तक भागा, फिर जमीन पर गिरकर लोटने लगा।

घटना देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के मुताबिक युवक करीब 80% तक झुलस गया है और उसका इलाज बर्न व ट्रॉमा सेंटर में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहीं, पुलिस को दिए बयान में युवक ने इसे हादसा बताया है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *