पत्रकारों पर हमला नहीं सहेंगे: रायपुर प्रेस क्लब की आपात बैठक: सख्त कार्रवाई की मांग…

सारंगढ़ में पत्रकार पोसराम साहू से मारपीट पर निंदा प्रस्ताव पारित

रायपुर। सारंगढ़ में पत्रकार पोसराम साहू के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब ने कड़ी नाराजगी जताई है। मामले के विरोध में प्रेस क्लब ने आपात बैठक बुलाकर सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया और दोषी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, पोसराम साहू ने प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी और वरिष्ठ पत्रकारों से मुलाकात कर पूरी घटना बताई। उन्होंने बताया कि किसान आस्मीन बरेठ को लंबे समय से कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा परेशान किया जा रहा था। इसी शिकायत को लेकर वे किसान के पुत्र के साथ कृषि ग्रामीण विस्तार अधिकारी प्रवीण पटेल से मिलने कार्यालय पहुंचे थे।

आरोप है कि इसी दौरान अधिकारी प्रवीण पटेल ने अभद्र व्यवहार करते हुए पोसराम साहू के साथ मारपीट की, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना 16 अप्रैल की सुबह की बताई जा रही है, लेकिन अब तक पुलिस और विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने सारंगढ़ कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर आरोपी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रेस क्लब ने स्पष्ट कहा है कि पत्रकारों के साथ हिंसा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निंदा प्रस्ताव में मांग की गई है कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ तुरंत आपराधिक मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

इस संबंध में प्रेस क्लब ने कृषि विभाग, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *