भागलपुर। भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के एकचारी गांव में चिकित्सा लापरवाही का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक झोलाछाप डॉक्टर ने यूट्यूब वीडियो देखकर गर्भवती महिला का ऑपरेशन किया, जिसमें अत्यधिक रक्तस्राव होने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्लिनिक में अफरा-तफरी मच गई, जबकि नवजात बच्चा सुरक्षित है।
मृतका की पहचान स्वाती देवी (31 वर्ष) के रूप में हुई है।
ससुराल: ठाकुरघंटी मोढ़िया गांव, झारखंड
पति: रोशन शाह, मजदूरी करते है,
घटना कहलगांव थाना क्षेत्र के एकचारी गांव की है।
परिजन राजेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को स्वामी देवी को लेबर पेन हुआ था। इसके बाद गांव की आशा कार्यकर्ता ने स्वाति को एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में लेकर गई। परिजनों ने इलाज के लिए 30 हजार रुपये जमा कराए।
डॉक्टर ने स्थिति गंभीर बताते हुए ऑपरेशन की बात कही। शुक्रवार को ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि-
डॉक्टर ने मोबाइल में यूट्यूब वीडियो चालू किया, वीडियो देखकर सामने ही ऑपरेशन शुरू कर दिया, न तो जरूरी मेडिकल सुविधाएं थीं, न ही ऑपरेशन थिएटर की मानक व्यवस्था।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर बार-बार वीडियो रिपीट करके ऑपरेशन करता रहा। इसी दौरान महिला को अत्यधिक ब्लीडिंग होने लगी। हालत बिगड़ने पर भी न तो समय पर इलाज मिला और न ही रेफर किया गया। कुछ ही देर में स्वाती देवी की मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद डॉक्टर और उसके सहयोगियों ने परिजनों से कहा-हालत ठीक नहीं हैं, कहीं और ले जाइए। इसके बाद क्लिनिक में मौजूद लोग इधर-उधर होने लगे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि यह अवैध क्लिनिक आमोद शाह के मकान में कई वर्षों से चल रहा है। क्लिनिक का कोई नाम तक नहीं है, इसे रंजीत मंडल दो अन्य सहयोगियों के साथ चला रहा है, इससे पहले भी यहां मौत हो चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई
मौत की खबर मिलते ही परिजन उग्र हो गए। क्लिनिक के बाहर शव रखकर जमकर हंगामा किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया।
प्रखंड प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पवन कुमार ने कहा-मामले की जानकारी अभी मिली है। जांच कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सवाल जो सिस्टम पर खड़े होते हैं कि-
अवैध क्लिनिक वर्षों से कैसे चल रहा था?
पहले हुई मौतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
क्या झोलाछाप डॉक्टर पर गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज होगा?