भिलाई की बसाहट पर संकट तो सड़कों पर उतरेगा जनसैलाब: देवेंद्र यादव…

सेक्टर-9 अस्पताल, मैत्री बाग और टाउनशिप को बचाने का ऐलान; बोले- जरूरत पड़ी तो बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटूंगा

भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने सेक्टर-9 अस्पताल, मैत्री बाग और भिलाई टाउनशिप की बसाहट को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भिलाई की पहचान और वर्षों पुरानी बसाहट को किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भिलाईवासियों के अधिकारों पर आंच आई तो व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

देवेंद्र यादव ने कहा कि पूर्व में हुए जनसंघर्ष के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन ने सेक्टर-9 अस्पताल को न बेचने और न ही निजी हाथों में सौंपने का आश्वासन दिया था। साथ ही मैत्री बाग और टाउनशिप की बसाहट को सुरक्षित रखने की बात भी कही गई थी, लेकिन छह महीने बाद भी इस दिशा में कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि टाउनशिप क्षेत्र में लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं और लीजधारकों की रजिस्ट्री प्रक्रिया भी रोक दी गई है, जिससे लोगों में असुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी चर्चाएं भी सामने आ रही हैं कि सेक्टर क्षेत्र के बड़े हिस्से को खाली कराकर निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है।

विधायक ने कहा कि भिलाई केवल एक शहर नहीं, बल्कि देश की विविध संस्कृति, श्रमिकों के संघर्ष और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के विजन से बसाए गए इस शहर की पहचान मिटाने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं बल्कि पूरे भिलाई की है। आने वाले दिनों में वे नोटिस प्राप्त परिवारों से सीधे संवाद करेंगे और जनसमर्थन जुटाकर लोकतांत्रिक एवं गांधीवादी तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।

देवेंद्र यादव ने कहा, “भिलाई की बसाहट हमारी पहचान है। इसे बचाने के लिए अगर मुझे अपना सर्वस्व अर्पित करना पड़े तो भी पीछे नहीं हटूंगा। भिलाईवासियों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करूंगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *