फेडरल कोर्ट ने सुनाई 5 साल से ज्यादा की सजा, मशीन गन रखने का भी आरोप
वॉशिंगटन। अमेरिका में भारतीय मूल के एक युवक को अवैध हथियार कारोबार और प्रतिबंधित हथियार रखने के मामले में अदालत ने पांच साल से अधिक की जेल की सजा सुनाई है। आरोपी की पहचान जशनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिस पर बिना लाइसेंस हथियारों की खरीद-बिक्री और मशीन गन रखने के आरोप साबित हुए।
अमेरिकी फेडरल कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद जशनप्रीत सिंह को 5 साल 4 महीने की सजा सुनाई। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और गैरकानूनी तरीके से हथियारों का सौदा कर रहा था।
मामले की जांच के दौरान अधिकारियों ने कई हथियार और संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए। अमेरिकी एजेंसियों का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।