जाको राखे साइयां मार सके न कोय; लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर टाली बड़ी दुर्घटना…

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब पिकनिक पर जा रहे दो बाइक सवार युवक करीब 40 फीट ऊंचाई से रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े। इसी दौरान पटरी पर आ रही ट्रेन को देखकर लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे दोनों युवकों की जान बच गई।

घटना दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र के कुसुमकसा गांव के पास रेलवे अंडरब्रिज की है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सुबह के समय बाइक से पिकनिक के लिए निकले थे। रेलवे अंडरब्रिज पार करते वक्त अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक ऊंचे पुल से नीचे रेलवे पटरी की ओर जा गिरे।

गिरते ही एक युवक सीधे ट्रैक पर आ गिरा, जबकि दूसरा पास की नाली में जा गिरा। ऊंचाई अधिक होने के कारण दोनों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे में दोनों युवकों के पैरों में फ्रैक्चर हो गया। वे दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगाते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक उठने की हालत में नहीं थे और ट्रैक पर पड़े-पड़े ट्रेन के आने का खतरा बना हुआ था।

इसी दौरान उसी ट्रैक पर एक ट्रेन आ रही थी। लोको पायलट ने पटरी पर घायल युवकों और बाइक को देखकर तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया। ट्रेन समय रहते रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो दोनों की जान जा सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को ट्रैक से बाहर निकाला गया और बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने का सामने आया है। अंडरब्रिज पर सुरक्षा इंतजाम और रेल क्षेत्र में सावधानी को लेकर भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद रेलवे अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने लोको पायलट की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की है। उनकी सतर्कता से दो जिंदगियां बच सकीं और एक बड़ी रेल दुर्घटना होने से रुक गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *