मोतीहारी। मोतिहारी जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव वालों ने जंगल में एक पेड़ से चाचा और भतीजी के शव लटके हुए देखे। दोनों शव एक ही दुपट्टे के सहारे फंदे से लटके मिले, जिससे मामला बेहद रहस्यमय और संवेदनशील हो गया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच आत्महत्या और ऑनर किलिंग- दोनों एंगल से कर रही है।
मंगलवार सुबह गांव में एक बार फिर दोनों की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए, जहां उन्होंने पेड़ से लटके दो शव देखे। इसकी सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी सुगौली थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर सुगौली थाना अध्यक्ष अनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना अध्यक्ष ने बताया कि दोनों शव एक ही ओढ़नी (दुपट्टे) के सहारे पेड़ से लटके हुए थे। पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मृतक एक दिन पहले ही अपने-अपने घर से फरार हुए थे। बताया जा रहा है कि पिछले एक साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। इसी वजह से मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है।
घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे सामान्य आत्महत्या मानने को तैयार नहीं है। दोनों का एक साथ लटकना, एक ही दुपट्टे का इस्तेमाल, पारिवारिक और सामाजिक दबाव की आशंका
इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस आत्महत्या और ऑनर किलिंग दोनों एंगल से गहन जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी तथ्यों को जोड़ा जा रहा है।
मृतकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पानापुर तलबा टोला निवासी लखन कुमार (20 वर्ष) निकू कुमारी (17 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के शव सुगौली थाना क्षेत्र के बैधा टोला के पास जंगल में एक पेड़ से लटके मिले।
पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल है।