एक मोड़, एक टक्कर और कांग्रेस नेता सहित शिक्षक की मौत, मोड़ पर आमने-सामने टक्कर, कार सवार नशे में थे; स्टीयरिंग में फंसा रहा ड्राइवर का शव…

सारंगढ। सारंगढ़ की सड़क पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब कार और ट्रक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में कांग्रेस नेता यशवंत टंडन और एक शिक्षक रुपेंद्र कुमार देवांगन समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और ड्राइवर का शव स्टीयरिंग में बुरी तरह फंसा रह गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना एक मोड़ पर हुई, जहां कार अचानक संतुलन खो बैठी और सामने से आ रहे ट्रक से सीधे टकरा गई। मोड़ पर पहले से ही दृश्यता कम थी और तेज रफ्तार के कारण चालक को संभलने का मौका नहीं मिला।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कार सवार नशे की हालत में थे। माना जा रहा है कि शराब के नशे में वाहन चलाने के कारण चालक का नियंत्रण कमजोर पड़ा और हादसा हो गया। पुलिस ने इस संबंध में मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी ड्राइवर का शव स्टीयरिंग में फंसा मिला, जिसे काटकर बाहर निकाला गया,‌ दोनों मृतकों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक से पूछताछ जारी है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।

हादसे में कांग्रेस नेता और शिक्षक की मौत से इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं और शिक्षकों के संगठनों ने घटना पर दुख जताते हुए इसे बेहद दुखद और असमय हुई क्षति बताया है।

यह हादसा एक बार फिर नशे में वाहन चलाने और खतरनाक मोड़ों पर तेज रफ्तार की गंभीरता को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उस मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

गौरतलब है कि महासमुंद जिले में 24 दिसंबर की शाम पचरी मोड़ से पथरिया मोड़ के बीच तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सोनासिल्ली (पिथौरा) निवासी विनोद कुमार लहरे (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साढ़ू भाई हैतराम भारती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक से बिलाईगढ़ घरेलू सामान लेने जा रहे थे। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *