नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर भड़की युवा कांग्रेस; सुपेला में प्रदर्शन कर फूंका विधायक अनुज शर्मा का पुतला…

80 परिवारों को बेघर करने का आरोप, सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी; बोले- छत्तीसगढ़ के लिए काला दिन

भिलाई। नवा रायपुर के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को भारतीय युवा कांग्रेस ने भिलाई के सुपेला घड़ी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन कर राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

युवा कांग्रेस का आरोप है कि विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए सोमवार को नकटी गांव में करीब 80 परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे कई गरीब परिवार बेघर हो गए। प्रदर्शनकारियों ने इस कार्रवाई को गरीब विरोधी बताते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और न्याय की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों का आशियाना उजाड़ रही है और वर्षों की मेहनत पर बुलडोजर चला दिया गया। संगठन ने इस पूरी कार्रवाई के लिए राज्य सरकार, प्रशासन और स्थानीय विधायक अनुज शर्मा को जिम्मेदार ठहराया।

युवा कांग्रेस नेता अमनजीत साहू ने कहा कि नकटी गांव में हुई कार्रवाई “छत्तीसगढ़ के लिए काला दिन” है। उनका आरोप था कि कई गरीब परिवारों, महिलाओं और बुजुर्गों को उनके घरों से बेघर कर दिया गया, जिसका असर बच्चों के भविष्य पर भी पड़ेगा। उन्होंने सरकार से प्रभावित परिवारों के लिए सम्मानजनक पुनर्वास और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *