चंपारण। देश- दुनियां के सबसे विशाल शिवलिंग की स्थापना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यह ऐतिहासिक शिवलिंग आगामी फरवरी माह में विराट रामायण मंदिर परिसर में स्थापित किया जाएगा। शिवलिंग अब तक 1635 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुका है और तय कार्यक्रम के अनुसार यह 4 जनवरी तक विराट रामायण मंदिर पहुंच जाएगा।
बताया गया है कि यह शिवलिंग विशेष धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ तैयार किया गया है। इसके निर्माण और परिवहन में अत्याधुनिक तकनीक के साथ-साथ पारंपरिक आस्था का भी पूरा ध्यान रखा गया है। शिवलिंग का आकार और वजन इसे दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग बनाता है, जिस कारण इसकी यात्रा और स्थापना को लेकर देशभर में श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।
शिवलिंग की यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना और स्वागत किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद विधिवत अनुष्ठान किए जाएंगे और इसके बाद फरवरी में भव्य स्थापना समारोह आयोजित किया जाएगा।
विराट रामायण मंदिर परिसर में शिवलिंग की स्थापना के बाद यह स्थान धार्मिक पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बनने की उम्मीद है। आयोजन से जुड़े संत-महात्माओं और ट्रस्ट पदाधिकारियों का कहना है कि यह शिवलिंग न केवल आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि सनातन संस्कृति और धार्मिक विरासत को भी वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाएगा।