रावलाकोट में 80 हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों की रैली, 38 मांगें नहीं मानी गईं तो पाकिस्तान से अलग होने का आंदोलन तेज करने की चेतावनी।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होते जा रहे हैं। इस बीच संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के नेता सरदार अमन खान ने पाकिस्तान की सेना पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “कश्मीरियों को हथियार खुद पाकिस्तानी सेना ने दिए थे और आज वही हमें आतंकवादी कह रही है।”
रावलाकोट के ईदगाह मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में करीब 80 हजार प्रदर्शनकारियों के जुटने का दावा किया गया। अमन खान ने कहा कि पिछले वर्ष जैश-ए-मोहम्मद की हथियारबंद रैली को प्रशासन ने सुरक्षा उपलब्ध कराई थी, लेकिन आज शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को आतंकवादी बताया जा रहा है। उन्होंने रावलाकोट के डिप्टी कमिश्नर पर भी दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
सभा को संबोधित करते हुए अमन खान ने कहा कि आंदोलन की 38 मांगों को यदि सरकार ने नहीं माना तो यह केवल अधिकारों की लड़ाई नहीं रहेगी, बल्कि पाकिस्तान से पूरी तरह अलग होने की मांग का आंदोलन बन जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी अपनी जमीन के असली वारिस हैं और उन्हें बदनाम करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
पिछले कुछ दिनों से PoK में पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ जनाक्रोश लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में वहां के स्थानीय नेतृत्व और इस्लामाबाद के बीच बयानबाजी भी तेज हुई है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक असंतोष और गहरा होता दिखाई दे रहा है।