कानपुर। प्रेमिका का बच्चा किडनैप कर भागा प्रेमी: साथ चलने से मना किया तो दिल्ली से उठाया, कानपुर में ट्रेन घेरकर RPF ने पकड़ा
उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रेमिका के बच्चे को अगवा कर भाग रहे आरोपी प्रेमी को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने फिल्मी अंदाज़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हेमंत कुमार के रूप में हुई है, जो शादीशुदा महिला का प्रेमी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी हेमंत कुमार शुक्रवार को बिहार से दिल्ली पहुंचा था। वहां उसने अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मुलाकात की और उसे अपने साथ चलने के लिए दबाव बनाया। महिला के इनकार करने पर हेमंत गुस्से में आ गया।
इसके बाद आरोपी ने महिला के एक साल के बेटे को खिलौना दिलाने के बहाने अपने साथ ले लिया और उसे अगवा कर लिया। बच्चा लेकर वह विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर फरार हो गया।
उधर, काफी देर तक बच्चा नहीं मिलने पर महिला घबरा गई। उसने दिल्ली के कपसेरा बॉर्डर थाना में आरोपी हेमंत कुमार के खिलाफ अपहरण की FIR दर्ज कराई। दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर RPF पोस्ट प्रभारी निरीक्षक एसएन पाटीदार के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8:10 बजे जैसे ही विक्रमशिला एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची, GRP और RPF की संयुक्त टीम ने पूरी ट्रेन को घेर लिया। हर कोच की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी पिछले कोच में बच्चे के साथ बैठा मिला। RPF को देखते ही वह छिपने की कोशिश करने लगा, लेकिन महिला द्वारा दिए गए फोटो के आधार पर टीम ने उसकी पहचान कर ली और मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
RPF के अनुसार, पोस्ट पर पूछताछ के दौरान आरोपी पहले टालमटोल करता रहा। जब उसे बताया गया कि उसके खिलाफ दिल्ली में अपहरण की FIR दर्ज है, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
RPF ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी हेमंत कुमार को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस के हवाले कर दिया। बच्चे को बाद में उसकी मां को सौंप दिया गया।