1 मई से शुरू होना था अवकाश, तापमान 45°C के करीब पहुंचने पर सरकार का बड़ा फैसला; सभी सरकारी-प्राइवेट स्कूलों पर लागू
भिलाई। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है। अब प्रदेश में 20 अप्रैल 2026 से ही ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होगा, जबकि पहले यह छुट्टियां 1 मई से प्रस्तावित थीं।
सरकार के इस फैसले के तहत सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। छुट्टियां 20 अप्रैल से 15 जून तक लागू रहेंगी।
दरअसल, प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और लू का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।
सरकार का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और सेहत सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मौसम की गंभीरता को देखते हुए अवकाश पहले घोषित किया गया।
इस फैसले से छात्रों को इस बार समय से पहले लंबी छुट्टियों का फायदा मिलेगा, जिससे वे भीषण गर्मी से सुरक्षित रह सकेंगे।