पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ विजन पर काम करेगी। उन्होंने वादा किया कि चुनाव में किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा और राज्य में विकास व सुशासन को प्राथमिकता दी जाएगी।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार का मार्गदर्शक सिद्धांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “सबका साथ, सबका विकास” विजन होगा। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “हमारे सामने बहुत जिम्मेदारियां हैं। हमें जनता के लिए काम करना है।” इस दौरान भाजपा कार्यालय को फूलों से सजाया गया था और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने भी कहा कि सरकार और संगठन अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाएंगे, लेकिन दोनों का लक्ष्य जनता का कल्याण होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को लागू किया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सुवेंदु अधिकारी ने अपनी सरकार के लिए “कम बोलो, ज्यादा काम करो” और “मैं नहीं, हम” का मंत्र भी दिया है। उन्होंने कहा कि बंगाल को भ्रष्टाचार, घुसपैठ और राजनीतिक हिंसा से मुक्त कर “सोनार बांग्ला” बनाया जाएगा।