दरभंगा । दरभंगा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पत्नी के प्रेमी के साथ भाग जाने से नाराज एक पिता ने अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पिता ने बच्चे को पानी से भरे गड्ढे में तब तक डुबोकर रखा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
आरोपी का नाम चंदन सहनी है, जो दरभंगा जिले के फजिला गांव का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी की पत्नी का पिछले करीब डेढ़ साल से एक युवक के साथ प्रेम संबंध था।कुछ समय पहले वह बॉयफ्रेंड के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इसी बात को लेकर चंदन सहनी मानसिक रूप से परेशान और गुस्से में था।
घटना के दिन आरोपी ने अपने डेढ़ साल के बेटे को गोद में उठाया,
गांव के पास जेसीबी से खोदे गए पानी भरे गड्ढे तक ले गया, और बच्चे को पानी में डुबोकर मार डाला। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे का शव बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पत्नी के घर छोड़कर जाने से आरोपी गहरे तनाव में था। इसी कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह घटना पारिवारिक विवाद, मानसिक असंतुलन और घरेलू तनाव के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है, जिसमें एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी।