ज्योतिषी OSD पर विवाद बढ़ा तो बैकफुट पर आए CM विजय; 24 घंटे के भीतर ही रद्द की नियुक्ति…

सहयोगी दलों और विपक्ष के तीखे विरोध के बाद तमिलनाडु सरकार ने ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रिवेल की OSD नियुक्ति वापस ली।

तमिलनाडु। सी जोसेफ विजय की सरकार ने भारी विवाद के बाद बड़ा यू-टर्न लिया है। तमिलनाडु सरकार ने ज्योतिषी और TVK प्रवक्ता Rickey Radhan Pandit Vettrivel को मुख्यमंत्री के Officer on Special Duty (OSD) पद से हटा दिया है। यह फैसला नियुक्ति के महज 24 घंटे के भीतर लिया गया।

वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री के राजनीतिक OSD के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें विजय का करीबी सलाहकार और राजनीतिक सफर में अहम भूमिका निभाने वाला व्यक्ति माना जाता है। लेकिन जैसे ही नियुक्ति की खबर सामने आई, विपक्ष के साथ-साथ सहयोगी दलों ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए।

आलोचकों ने कहा कि एक ज्योतिषी को सरकारी पद देना “वैज्ञानिक सोच और संवैधानिक मूल्यों” के खिलाफ है। सहयोगी दल VCK और वामपंथी पार्टियों ने खुलकर विरोध जताया। कई नेताओं ने पूछा कि सरकार प्रशासन चलाएगी या ज्योतिष के आधार पर फैसले लेगी।

विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री विजय ने नियुक्ति पर पुनर्विचार का संकेत दिया और फिर सरकार ने आधिकारिक आदेश जारी कर नियुक्ति रद्द कर दी।

मामला सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा। मद्रास हाईकोर्ट में भी इस नियुक्ति को चुनौती देते हुए याचिका दाखिल की गई। याचिकाकर्ता ने सवाल उठाया कि क्या इस तरह की नियुक्ति संवैधानिक प्रक्रिया और सरकारी नियमों के तहत की गई थी।

सोशल मीडिया पर भी इस फैसले को लेकर जबरदस्त बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने तंज कसते हुए कहा कि “जो अपना भविष्य नहीं देख पाए, वे सरकार का भविष्य क्या बताएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *